सीनियर सिटीजंस को भी मिलेगा डिपॉजिट पर ज्यादा ब्याज

नई दिल्ली। कर्ज की बढ़ती दरों के बीच सरकार ने छोटी बचत योजनाओं में धन जमा करने वाले लोगों को थोड़ी राहत दी है। वित्त मंत्रालय ने स्माल सेविंग स्कीम पर ब्याज की दरों में वृद्धि करने का फैसला लिया है। सीनियर सिटीजंस के लिए डिपॉजिट स्कीमों पर ब्याज दरों में वृद्धि का ऐलान किया गया है।
दो साल के टाइम डिपॉजिट पर ब्याज दर में 0.20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं तीन साल की अवधि वाली जमाओं के लिए ब्याज दर में 0.30 फीसदी का इजाफा हआ है। सीनियर सिटीजन को भी सरकार ने इस फेस्टिव सीजन में तोहफा दिया है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेविंग्स स्कीम पर ब्याज दर को बढ़ाकर 7.6 फीसदी कर दिया है। इसके अलावा मंथली इनकम अकाउंट स्कीम और किसान विकास पत्र (KVP) पर भी ब्याज दरों को बढ़ाया गया है।
सरकार ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के लिए 2 साल के टाइम डिपॉजिट पर ब्याज दर को 5.5 फीसदी से बढ़ाकर 5.7 फीसदी कर दिया है। 3 साल के टाइम डिपॉजिट पर ब्याज दर को 5.5 फीसदी से बढ़ाकर 5.8 फीसदी कर दिया गया है। सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम पर ब्याज दर अब 7.4 से बढ़कर 7.6 फीसदी हो जाएगी। वहीं, मंथली इनकम अकाउंट स्कीम पर ब्याज दर 6.6 फीसदी से बढ़कर 6.7 फीसदी हो गई है। इसके अलावा किसान विकास पत्र पर ब्याज दर 6.9 से बढ़कर 7.0 फीसदी हो गई है।