Repo rate में RBI ने की 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती

दरें 6% से घटकर 5.50% हुई

मुंबई।RBI ने एक बार फिर कर्ज लेने के इच्छुक लोगों को राहत दी है। भारतीय रिजर्व बैंक ने अपनी मौद्रिक नीति समीक्षा (RBI Monetary Policy) में रेपो रेट में 50 आधार अंकों की कमी कर दी है। यह बाजार की उम्मीद से अधिक है। रेपो रेट 6 फीसदी से घट कर 5.50 फीसदी रह गई है। रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने इसका ऐलान किया। यह लगातार तीसरी कमी है। इसका सीधा असर होम लोन की ईएमआई पर पड़ता है, क्योंकि होम लोन की दरें रेपो रेट से जुड़ी होती हैं। इससे पहले फरवरी और अप्रैल की मौद्रिक नीति समीक्षा में आरबीआई ने रेपो रेट में 25-25 आधार अंकों की कमी की थी। जबकि इसके पहले पांच साल तक रेपो रेट में कोई कमी नहीं की गई थी। कम ब्याज दरों का सकारात्मक असर घरों और कारों की बिक्री पर तो पड़ता ही है, साथ ही यह पूरी अर्थव्यवस्था में लिक्विडिटी को बढ़ा कर ग्रोथ प्रदान करता है।
आरबीआई ने कैश रिजर्व रेश्यो (CRR) में भी 100 आधार अंकों की कमी करते हुए इसे घटाकर 3 फीसदी कर दिया है। पहले यह दर 4 फीसदी थी। यह वह राशि है, जिसे बैंकों को हमेशा अपने पास कैश में रखना पड़ता है। इसमें कटौती से बैंकों के पास लोन देने के लिए ज्यादा पैसे उपलब्ध होंगे। इस साल अब तक रेपो रेट में 100 आधार अंकों की कमी आ चुकी है। इसका मतलब है कि आपके होम लोन की ब्याज दरों में भी इतनी कमी आ सकती है। तीनों कटौती को मिला कर देखें और बैंक अगर पूरी कटौती को ग्राहकों तक पास ऑन करें तो होम लोन की दरें एक बार फिर 7.5 फीसदी के नीचे आ जाएंगी, जो अभी 8 फीसदी के करीब चल रही हैं। इस तरह, इन तीन कटौतियों को मिलाकर 20 साल के लिए 30 लाख रुपए के होम लोन की ईएमआई में 2000 रुपए तक की कमी आ सकती है

Leave a Reply